सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर गौरव कुमार
रिलायंस स्मार्ट बाजार व ट्रेंड्स मॉल में कर्मचारियों को सिखाए आग से बचाव के तरीके
ओबरा। आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार, 05 सितंबर 2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (केऔसुब) की अग्निशमन शाखा द्वारा विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। उप कमांडेंट श्री सदा राम यादव के निर्देशानुसार आयोजित अभियान के तहत इकाई के नजदीक स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार एवं रिलायंस ट्रेंड्स मॉल में कर्मचारियों एवं मौजूद लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान अग्निशमन शाखा के जवानों ने दीपावली के दौरान पटाखों, विद्युत उपकरणों एवं अन्य कारणों से आग लगने की संभावित घटनाओं से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले आवश्यक कदम, अग्निशामक यंत्रों के सही एवं सुरक्षित उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में भवन से सुरक्षित निकासी के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।
केऔसुब अग्निशमन शाखा ने लोगों से अपील की कि दीपावली का पर्व सतर्कता, सावधानी और सुरक्षित तरीके से मनाएं। अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और समय रहते किए गए सुरक्षा उपायों से आग जैसी गंभीर दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन एवं प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से बचाव करने के लिए तैयार करना रहा।
अभियान का आयोजन निरीक्षक/अग्नि हुपेंद्र कुमार एवं उप निरीक्षक/अग्नि अमित कुमार चतुर्वेदी की देखरेख में किया गया। इस दौरान प्रधान आरक्षक/अग्नि राकेश जी श्रीवास, देवेंद्र कुमार, सुशील कुमार ताव, दिनेश बैठा, विवेकानंद सिंह, आरक्षक/अग्नि नितेश कुमार सिंह, प्रिंस पी. थॉमस, एन. जी. कपिल सिंघा एवं आरक्षक/डीसीपीओ राकेश कुमार उपस्थित रहे।
अभियान में रिलायंस स्मार्ट बाजार के करीब 45 कर्मचारियों तथा रिलायंस ट्रेंड्स मॉल के करीब 20 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के माध्यम से कर्मचारियों को आग से बचाव एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।









Post a Comment