Top News

करमा महोत्सव बनेगा सोनभद्र की जनजातीय संस्कृति की नई पहचान

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद 

भव्य आयोजन से देश-दुनिया तक पहुंचेगी लोक एवं जनजातीय विरासत, चोपन के कोटा गांव से होगा शुभारंभ

सोनभद्र/09 सितंबर। सोनभद्र की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में करमा महोत्सव को इस वर्ष भव्य और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महोत्सव की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव गौड़ ने कहा कि करमा महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सोनभद्र की जनजातीय संस्कृति, कला और लोक परंपराओं को नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि महोत्सव का आयोजन भव्य, गरिमापूर्ण और भावपूर्ण तरीके से किया जाए तथा सभी तैयारियां बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से पूरी हों।

उन्होंने बताया कि करमा महोत्सव का शुभारंभ चोपन ब्लॉक के कोटा गांव से होगा। आयोजन में प्रशासन के साथ करमा महोत्सव से जुड़े कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रहेगी। जनजातीय समाज की पारंपरिक संस्कृति, कला और रीति-रिवाजों को प्रमुखता देते हुए कार्यक्रम को आकर्षक एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

व्यापक प्रचार से देश-दुनिया तक पहुंचेगी विरासत

जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि करमा महोत्सव को सोनभद्र की सांस्कृतिक पहचान के रूप में स्थापित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि जिले की विशिष्ट लोक एवं जनजातीय विरासत को बड़े मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के साथ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार की ठोस रणनीति बनाई जाए, जिससे सोनभद्र की सांस्कृतिक पहचान अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को आपसी समन्वय से समय से पूरा किया जाए। महोत्सव की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।

बैठक में अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष श्री जीत सिंह खरवार, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, क्षेत्रीय मंत्री श्री रामसुंदर निषाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला पंचायत राज अधिकारी नामिता शरण, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume