सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
स्कूल-कॉलेज से गांव की चौपाल तक पहुंची मिशन शक्ति टीम, साइबर ठगी से बचाव के भी बताए तरीके
सोनभद्र, 9 सितंबर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में व्यापक जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, महिला उत्पीड़न के खिलाफ कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने लिंग समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिला एवं बाल हिंसा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया। वहीं बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग फ्रॉड तथा OTP किसी के साथ साझा न करने को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नारी का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित होने पर ही सशक्त एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
मुसीबत में इन नंबरों पर करें कॉल
112 – आपातकालीन सेवा
1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

Post a Comment