सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर गौरव कुमार
साइड वाल में भस्सी का इस्तेमाल और सीसी रोड की कम ऊंचाई मिली; एसडीएम ने मौके पर रुकवाया काम
सोनभद्र। नगर पंचायत डाला के वार्ड नंबर-6 में निर्माण कार्य की गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री बागीश कुमार शुक्ला के निर्देश पर उप जिलाधिकारी श्री जफर अहमद ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
जांच में शिकायत सही मिली। सीसी रोड के किनारे साइड वाल की जुड़ाई में सीमेंट-बालू की जगह भस्सी (गिट्टी की धूल) का इस्तेमाल पाया गया। वहीं सीसी रोड की निर्धारित 6 इंच ऊंचाई भी मानक से कम मिली। गुणवत्ता में कमी सामने आते ही एसडीएम ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया।
एसडीएम ने मानकों की अनदेखी करने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत डाला के अधिशासी अधिकारी श्री अखिलेश सिंह और अवर अभियंता श्री ओम तिवारी को निर्देश दिया कि आगे का निर्माण कार्य उनकी प्रत्यक्ष निगरानी में निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सामग्री से ही कराया जाए।

Post a Comment