सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
ईद-ए-मिलाद, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को लेकर पीस कमेटी की बैठक; जुलूस मार्ग, सफाई, पेयजल, बिजली व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
सोनभद्र, 25 अगस्त 2026। आगामी ईद-ए-मिलाद (बारावफात), रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक हुई। धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि सोनभद्र की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
जिलाधिकारी ने जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से पर्वों के दौरान आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
डीएम ने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह या अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।
बैठक में धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करें और मिल-जुलकर त्योहार मनाकर सोनभद्र की शांति व भाईचारे की पहचान को और मजबूत बनाएं।

Post a Comment