सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोकी, विद्यालय में बच्चों पर प्रभावी नियंत्रण के सख्त निर्देश
सोनभद्र, 30 अगस्त। प्राथमिक विद्यालय पुरनाकलां, घोरावल में बच्चों से ईंट ढुलवाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका श्रीमती माण्डवी कुमारी की एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से रोक दी है।
27 अगस्त को प्रसारित वीडियो में विद्यालय की क्षतिग्रस्त बाउंड्री के निर्माण के लिए विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों से ईंट ढुलवाए जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।
स्पष्टीकरण में प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय की करीब 10 फीट चहारदीवारी अराजक तत्वों ने तोड़ दी थी। मरम्मत के लिए मजदूर और राजगीर लगाए गए थे। इसी दौरान कुछ बच्चे स्वयं ईंट ढोने लगे, जिन्हें देखते ही उन्होंने बच्चों को कक्षा में बुला लिया।
हालांकि विभाग ने स्पष्टीकरण को पूरी तरह संतोषजनक नहीं माना। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पाया कि शिक्षण अवधि में बच्चों का कक्षा से बाहर रहना और उन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होना प्रधानाध्यापिका के दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता को दर्शाता है।
इसी के चलते प्रधानाध्यापिका की एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध कर दी गई। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विद्यालय अवधि में बच्चों पर पूर्ण नियंत्रण रखा जाए और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। लापरवाही दोहराए जाने पर और कठोर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Post a Comment