सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
सोनभद्र, 27 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत गुरुवार को दुद्धी और ओबरा बाजार में कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए।
दुद्धी बाजार में टीम ने उमंग स्वीट्स से छेना रसगुल्ला, भागश्री से मिल्क केक, अलवेला स्वीट्स से कलाकन्द तथा सोनल की दुकान से बूंदी के लड्डू के नमूने लिए। वहीं ओबरा बाजार स्थित महक इंटरप्राइजेज से हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के नमूने संग्रहित किए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकानदारों के साथ आमजन को भी मिलावटी खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसान और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के उपयोग के प्रति जागरूक किया।
यह विशेष अभियान 21 से 27 अगस्त तक रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, बालेन्दु शेखर मंगलमूर्ति एवं कीर्ति आनन्द शामिल रहे।



Post a Comment