सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
सोनभद्र, 27 अगस्त। कनहर डैम प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रभावितों को अपनी फरियाद लेकर दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। 01 से 15 सितंबर तक प्रभावित गांवों में प्रशासन की चौपालें लगेंगी और अधिकारी मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे।
कलेक्ट्रेट सभागार में कनहर विभाग एवं राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों से जुड़े भूमि, रजिस्ट्री, सत्यापन और पुनर्वास के लंबित मामलों का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने एसडीएम ओबरा और दुद्धी को विशेष रूप से लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
252 परिवारों के पुनर्वास पैकेज पर तेज होगी कार्रवाई
कनहर डैम के डूब क्षेत्र में प्रभावित अवशेष 252 परिवारों के पुनर्वास पैकेज का रास्ता साफ करने के लिए सत्यापन प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सत्यापन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हो, ताकि पात्र परिवारों को उनका हक मिलने में कोई देरी न हो।
किसानों की जमीन खरीद के मामले भी निपटेंगे
नहर निर्माण के लिए किसानों की भूमि क्रय से जुड़े प्रकरणों को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों से जुड़े मामलों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डैम निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं
कनहर डैम के शेष निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। बांध की सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था मजबूत करने तथा स्थानीय लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए उपयुक्त स्थल पर पुल निर्माण की संभावनाओं का सर्वेक्षण कराने को भी कहा गया।
डीएम का साफ संदेश—कनहर प्रभावितों की समस्या अब फाइलों में नहीं अटकेगी। राजस्व और कनहर विभाग संयुक्त रूप से चौपालों में समस्याएं सुनेंगे, मौके पर संभव मामलों का निस्तारण करेंगे और शेष प्रकरणों की लगातार मॉनिटरिंग कर उन्हें समयबद्ध तरीके से निपटाएंगे।
बैठक में मुख्य अभियंता कनहर, संबंधित अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता तथा राजस्व एवं कनहर विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment