सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
अनपरा, सोनभद्र। अनपरा बाजार के मुख्य मार्ग पर खुले में छोड़े जा रहे मवेशी अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। सुबह शाम के समय सड़क पर गाय-भैंसों का आना जाना एवं जमावड़ा लगने से यातायात घंटों प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पशुपालकों द्वारा अक्सर मवेशियों को खुले में छोड़ दिया जाता है। ये मवेशी चारागाह की तलाश में अनपरा बाजार से होते हुए अनपरा कॉलोनी की ओर चले जाते हैं। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
अभी दूसरा मामला संज्ञान में आया है कि अनपरा बाजार स्थित एसबीआई बैंक से लेकर बैंकट मोड़ तक मवेशियों का जमावड़ा देखने को मिलती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही बड़ी संख्या में मवेशी सड़क पर बैठ जाते हैं या सड़क के बीचों-बीच घूमते रहते हैं। ऐसे में बाइक सवार और अन्य वाहन चालक मवेशियों से बचकर निकलने को मजबूर होते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह स्थिति प्रतिदिन बनी रहती है और सड़क का यह हिस्सा अब दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील होता जा रहा है। अचानक मवेशियों के सड़क पर आ जाने से किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में छोड़ने के बजाय समय से बांधकर रखें, ताकि आम राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी न हो।
वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मवेशियों को सड़क पर खुलेआम छोड़े जाने की समस्या पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी बड़ी दुर्घटना के बाद जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा। आखिर दुर्घटना होने पर इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान जल्द तलाशना चाहिए।




Post a Comment