Top News

सरस्वती विद्या मंदिर में गूंजी स्वस्थ मुस्कान की सीख लायंस क्लब रेणुसागर के नि:शुल्क दंत परीक्षण शिविर में विद्यार्थियों के दांतों की जांच, दी गई मुख स्वास्थ्य की जानकारी

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद 



अनपरा/सोनभद्र।
विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और उनमें मुख स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लायंस क्लब रेणुसागर के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर, अनपरा में नि:शुल्क दंत परीक्षण एवं मुख स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के दांतों एवं मसूड़ों की जांच कर चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया।

शिविर में इंडियन डेंटल एसोसिएशन महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष डॉ. संगीता भारती, सहायक सचिव डॉ. भव्य श्रीवास्तव तथा डॉ. जोशुआ लियो ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को दांतों की नियमित सफाई, सही ब्रशिंग तकनीक, संतुलित आहार और समय-समय पर दंत परीक्षण कराने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को समझाया कि बचपन से ही मुख स्वच्छता की अच्छी आदतें अपनाने से दांतों और मसूड़ों से संबंधित कई गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। साथ ही मीठे एवं अत्यधिक जंक फूड के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति भी जागरूक किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य बलवंत सिंह ने लायंस क्लब रेणुसागर एवं चिकित्सकों की टीम का स्वागत करते हुए शिविर की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लेकर आयोजित इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

शिविर के अंत में चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि “स्वस्थ मुस्कान ही स्वस्थ जीवन की पहचान है। नियमित दंत परीक्षण और सही मुख स्वच्छता की आदत अपनाकर अनेक दंत रोगों से बचा जा सकता है।”

लायंस क्लब की इस पहल की विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।

Post a Comment

أحدث أقدم
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume