सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
अनपरा/सोनभद्र। रेणुसागर चौकी क्षेत्र के परासी अंतर्गत अनपरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 20, टैगोर नगर गली नंबर-5 में शनिवार तड़के एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैगोर नगर निवासी विजय किशोर शर्मा के 22 वर्षीय पुत्र अक्षय शर्मा ने शनिवार भोर में अपने कमरे का दरवाजा बंद कर पंखे से नायलॉन की रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों के अनुसार रात में सभी लोग भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। तड़के करीब 3 बजे जब परिजन अक्षय को जगाने पहुंचे तो खिड़की से देखने पर वह पंखे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और युवक को नीचे उतारा गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अक्षय शांत स्वभाव और मिलनसार युवक था। वह पहले अनपरा में फोटोग्राफी और कंप्यूटर से जुड़े कार्य करता था, लेकिन कुछ समय से अस्वस्थ रहने के कारण घर पर ही रह रहा था। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से मानसिक बीमारी का उपचार करा रहा था और पटना से उसका इलाज चल रहा था।
मृतक के पिता विजय किशोर शर्मा रेणुसागर परियोजना से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
रेणुसागर चौकी प्रभारी जयशंकर राय ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

إرسال تعليق