Top News

सीबीएसई 10वीं फाइनल बोर्ड परीक्षा परिणाम में संत फ्रांसिस स्कूल अनपरा का शानदार प्रदर्शन

 

98.40 प्रतिशत अंक हासिल कर स्वाति सिंह ने बढ़ाया जनपद, विद्यालय और परिवार का मान—प्राचार्य व शिक्षकों ने दी बधाई


अनपरा, सोनभद्र।
सीबीएसई कक्षा 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा के उपरांत शनिवार देर शाम घोषित किए गए फाइनल परीक्षा परिणाम में संत फ्रांसिस स्कूल, अनपरा की होनहार छात्रा स्वाति सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.40 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय, जनपद और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। स्वाति की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्र में खुशी की लहर है।

स्वाति सिंह की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जोसफ सगायनाथन, शिक्षकों, बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित अनेक शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उत्कृष्ट परिणाम केवल अंकों का प्रतिशत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग, धैर्य और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वाति सिंह की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

वहीं स्वाति सिंह के पिता इं. अदालत वर्मा, जो अनपरा तापीय परियोजना में अधिशासी अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, ने अपनी बेटी की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी सफलता का मुख्य श्रेय नियमित अध्ययन, विद्यालय के शिक्षकों की कड़ी मेहनत और उचित मार्गदर्शन को जाता है। उन्होंने कहा कि स्वाति ने निरंतर मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई की, जिसका परिणाम आज शानदार सफलता के रूप में सामने आया है।

स्वाति सिंह की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार सहित क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य में और बड़ी सफलताएं हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume