कैमूर के इस्माइलपुर में घटना से मचा हड़कंप, आरोपी पुत्र गिरफ्तार
सोने की आवाज न्यूज़ से जगरनाथ प्रसाद की न्यूज़ रिपोर्ट:
कैमूर (भभुआ)। जनपद कैमूर के भभुआ अंतर्गत इस्माइलपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने अचानक भयावह रूप ले लिया, जहां बेटे की लाठी के वार से पिता की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, इस्माइलपुर निवासी चुल्लन बिंद और उनके पुत्र सोनू बिंद के बीच दिनांक 30 जून 2026 को दोपहर करीब 2:00 बजे किसी पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पुत्र सोनू बिंद द्वारा लाठी निकालकर पिता को मारने लगा, किए गए लाठी प्रहार से पिता चुल्लन बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में परिजन उन्हें तत्काल सदर अस्पताल भभुआ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। लेकिन चोट गंभीर होने के कारण रात करीब 9:00 बजे इलाज के दौरान चुल्लन बिंद ने दम तोड़ दिया।
घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। सूचना मिलते ही बिहार पुलिस के अंतर्गत चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम के बाद 1 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9:00 बजे प्रशासन द्वारा शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी पुत्र सोनू बिंद को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक विवाद किस तरह पलभर में विनाशकारी रूप ले सकता है।




إرسال تعليق