एसएचओ संजय मिश्रा व सहायक प्रभारी जेपी सिंह की मुस्तैदी और समाज सेवक ओमकार के सहयोग से सुचारू रही व्यवस्था
रामनगर, वाराणसी।
विशेष रिपोर्ट: सोन की आवाज न्यूज़ शेख टीपू सुल्तान (संवाददाता ब्यूरो चीफ, चंदौली)
मुहर्रम के चांद की छठवीं तारीख पर रामनगर में पारंपरिक श्रद्धा और गमगीन माहौल में निकाला गया कदीमी जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। देर रात तक चले इस संवेदनशील और ऐतिहासिक आयोजन को सकुशल संपन्न कराने में रामनगर पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और स्थानीय नागरिक समाज का समन्वय अत्यंत सराहनीय रहा।
थाना प्रभारी (SHO) संजय मिश्रा जी और सहायक प्रभारी जेपी सर (जेपी सिंह) ने पुलिस बल व हमराहियों के साथ खुद मोर्चे पर डटे रहकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। वहीं इस दौरान प्रमुख समाज सेवक ओमकार भी पूरी तत्परता के साथ पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे और व्यवस्था को सुचारू बनाने में अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, खुद गश्त करते रहे एसएचओ संजय मिश्रा
6 मुहर्रम की रात निकलने वाले इस ऐतिहासिक जुलूस के मद्देनजर रामनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा जी के कुशल निर्देशन में पुलिस टीम पहले से ही पूरी तरह अलर्ट थी। जुलूस के कदीमी (पारंपरिक) रास्तों पर चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एसएचओ संजय मिश्रा, सहायक प्रभारी जेपी सर और समाज सेवक ओमकार ने हमराहियों के साथ पूरे जुलूस मार्ग का पैदल भ्रमण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय मौजूदगी के कारण जुलूस बेहद अनुशासित और शांतिपूर्ण माहौल में आगे बढ़ा।
यातायात बहाली के लिए पुलिस और समाज सेवी ने मिलकर की मशक्कत
जुलूस के दौरान मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए थाना प्रभारी संजय मिश्रा, सहायक प्रभारी जेपी सर और उनकी हमराही टीम ने बेहतरीन सूझबूझ का परिचय दिया। इस कार्य में समाज सेवक ओमकार ने भी जनता और पुलिस के बीच एक सेतु का काम करते हुए ट्रैफिक मैनेजमेंट को संभालने में बड़ा योगदान दिया। पुलिसकर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मुस्तैदी से एक तरफ जहां जुलूस पूरी अकीदत के साथ निकलता रहा, वहीं दूसरी तरफ आम जनता को भी आवागमन में कोई असुविधा नहीं हुई। जुलूस के आगे बढ़ते ही पुलिस बल ने सक्रिय होकर यातायात को तुरंत सुचारू रूप से बहाल करा दिया।
जनता और कमेटियों ने जताया आभार
देर रात जुलूस के सकुशल अपने गंतव्य (इमामबाड़े) पर संपन्न होने के बाद स्थानीय नागरिकों, अजादारों और जुलूस कमेटियों ने रामनगर पुलिस प्रशासन एवं सहयोगी समाज सेवियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों का कहना था कि एसएचओ संजय मिश्रा जी, सहायक प्रभारी जेपी सर, समाज सेवक ओमकार और सभी हमराहियों की संवेदनशीलता, कड़ी मेहनत और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर बारीक नजर रखने के कारण ही यह बड़ा आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सका।








إرسال تعليق