ताप विद्युत प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर मंथन, AI-ड्रोन तकनीक का दिखेगा दम
सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
वाराणसी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के तत्वाधान में अखिल भारतीय तापीय विद्युत क्षेत्र इकाई कार्यशाला 2026 का भव्य आयोजन 6 व 7 मई को रैडिसन ब्लू होटल, वाराणसी में होने जा रहा है। इस उच्च स्तरीय सम्मेलन में देशभर के ताप विद्युत प्रतिष्ठानों की सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बदलती सुरक्षा चुनौतियों, आधुनिक तकनीकी समाधान और श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों को साझा करना है, ताकि महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके।
सम्मेलन में CISF के महानिदेशक, अतिरिक्त महानिदेशक, महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, वहीं NTPC लिमिटेड और अन्य प्रमुख ताप विद्युत संयंत्रों के शीर्ष प्रबंधन अधिकारी भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ड्रोन और एंटी-ड्रोन तकनीक से जुड़ी अग्रणी निजी कंपनियां—रुद्रम डायनेमिक्स और ड्रोन वर्स—अपने अत्याधुनिक नवाचारों और सुरक्षा समाधान का लाइव प्रदर्शन करेंगी।
यह सम्मेलन सुरक्षा एजेंसियों, सार्वजनिक उपक्रमों और निजी तकनीकी साझेदारों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ-साथ देश की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Post a Comment