Top News

संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

 

सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 

गलत इंजेक्शन और लापरवाही के आरोप, अस्पताल पर उठे सवाल


सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही तथा गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार केकराही क्षेत्र के बसवान गांव निवासी रुक्मिणी पटेल (27), पत्नी जितेंद्र पटेल, को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद परिजन निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। परिजनों का कहना है कि भर्ती के समय महिला सामान्य स्थिति में थी और उसे कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। आरोप है कि इलाज के नाम पर केवल पानी में दवा मिलाकर चढ़ाई जाती रही, लेकिन हालत बिगड़ने के बावजूद न तो समुचित उपचार किया गया और न ही किसी बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया।

परिजनों के मुताबिक रात में अचानक महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। जब डॉक्टर को बुलाने की कोशिश की गई तो अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। इसी दौरान महिला को कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद उसकी हालत और गंभीर हो गई। सुबह करीब 6 बजे उसे आईसीयू में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना के बाद अस्पताल स्टाफ के मौके से हट जाने की बात भी सामने आई है, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया। मृतका अपने पीछे तीन छोटी बच्चियों को छोड़ गई है, जिनमें एक पांच माह की दुधमुंही बच्ची भी शामिल है। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिवार के सामने उनके पालन-पोषण की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

वहीं अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मरीज की स्थिति पहले से सामान्य थी और उसका इलाज किया जा रहा था। अस्पताल कर्मियों का दावा है कि परिजनों द्वारा पानी पिलाने के दौरान पानी फेफड़ों में चला गया, जिससे हालत बिगड़ी। उनका यह भी कहना है कि मरीज का अल्ट्रासाउंड होना बाकी था और उसे निगरानी में रखा गया था।

फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की बात कही है। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजनों में आक्रोश बना हुआ है।





Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume