Top News

कुएं से निकली सड़ी-गली लाश, इलाके में हड़कंप

 

सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 

पहचान बनी पहेली, मौत पर उठे कई सवाल


चोपन/सोनभद्र।
नगर क्षेत्र के अग्रवाल मार्केट में उस वक्त सनसनी फैल गई जब रिलायंस पेट्रोल पंप के पास स्थित एक कुएं से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। 

बुधवार सुबह जैसे ही यह खबर फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया

बताया जा रहा है कि अग्रवाल मार्केट स्थित सत्यदेव पाण्डेय के कुएं से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। जब लोगों ने अंदर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए—कुएं में एक व्यक्ति का शव पड़ा था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड व स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल हो गया है। 

मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है और वह पैंट-शर्ट पहने हुए था।


पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला है, जो अब पहचान का अहम सुराग बन सकता है। पुलिस इस मोबाइल के जरिए मृतक की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं—हत्या या हादसा? यह सवाल हर किसी के मन में उठ रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। तब तक इलाके में दहशत और रहस्य का माहौल बना हुआ है।





Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume