एक्शन मोड में डीएम चर्चित गोंड, विकास कार्यों का औचक निरीक्षण

 

सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 

सड़क निर्माण में गड़बड़ी पर सख्त रुख, थर्ड पार्टी जांच के दिए निर्देश


सोनभद्र 01 मई 2026 ।
जनपद में विकास कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता को परखने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गोंड आज पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर साफ संदेश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कलवारी-रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य का गहन स्थलीय जायजा लिया। मौके पर ही सड़क निर्माण में प्रयुक्त गिट्टी की मात्रा का भौतिक सत्यापन कराया गया। कार्य की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता को सख्त निर्देश देते हुए निष्पक्ष थर्ड पार्टी एजेंसी से जांच कराने को कहा। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि मानसून शुरू होने से पहले हर हाल में सड़क का कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके बाद जिलाधिकारी ने घोरावल नगर पंचायत पेयजल पुनर्गठन योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की देरी कतई स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कर शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने राजकीय बालिका हाई स्कूल हिनौती का भी भ्रमण किया। यहां निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य मजबूत, पारदर्शी और दीर्घकालिक होने चाहिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सड़क निर्माण ऐसा हो जिससे सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित हो सके।

इस औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, लोक निर्माण विभाग तथा जल निगम (शहरी एवं ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता शामिल रहे।

जिलाधिकारी के इस कड़े रुख और अचानक निरीक्षण से विभागीय महकमे में हड़कंप की स्थिति है। डीएम ने साफ कर दिया है कि जनपद के समग्र विकास के लिए वे समय-समय पर स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करते रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume