सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
अटल आवासीय विद्यालय में अधिकारियों ने किया सम्मान व योजनाओं का वितरण, लाइव प्रसारण बना आकर्षण
सोनभद्र 01 मई, 2026 । जनपद के गुरमुरा स्थित अटल आवासीय विद्यालय के बहुउद्देशीय भवन में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में श्रमिकों के कल्याण, अधिकारों और सुरक्षा को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश राहुल, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी तथा उप श्रमायुक्त (मिर्जापुर मंडल) अचला पाण्डेय विशेष रूप से मौजूद रहीं। अधिकारियों ने श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनके लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्यायाधीश राहुल ने श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों और श्रम कानूनों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि जागरूकता ही शोषण से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण रहा, जिसे उपस्थित श्रमिकों और जनसमूह ने ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इसके पश्चात विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा अटल आवासीय विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
उपायुक्त उद्योग विनोद चौधरी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी श्रमिकों का उत्साहवर्धन किया और उनके योगदान की सराहना की।
मजदूर दिवस का उत्साह जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिला। ओबरा तापीय परियोजना में मुख्य महाप्रबंधक इं. आर.के. अग्रवाल की उपस्थिति में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण को देखा और कार्यक्रम में भागीदारी की।
इस अवसर पर श्रम विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य पहल की जानकारी भी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से 28 अप्रैल से 03 मई 2026 तक जनपद के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में ‘श्रमिक आरोग्य मेला’ आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य कार्यस्थल पर ही श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Post a Comment