सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
बार-बार रोक के बावजूद नहीं रुका काम, एफआईआर की मांग से मचा हड़कंप
सोनभद्र 01 मई 2026 । नगर पंचायत अनपरा क्षेत्र में एक बार फिर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है।
एनसीएल (ककरी क्षेत्र) की अधिग्रहित वन भूमि पर स्थानीय व्यवसाई अमित गट्टानी द्वारा जबरन निर्माण कराने का आरोप लगने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि ककरी प्रबंधन द्वारा कई बार मना करने और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बावजूद निर्माण कार्य रुकने का नाम नहीं ले रहा।
पूरा मामला C.B.A ACT 1957 (S.O NO.-1021) के अंतर्गत आने वाली गाटा संख्या 152 एवं 155 से जुड़ा हुआ है। राजस्व अभिलेखों के अनुसार यह भूमि वन क्षेत्र में दर्ज है और एनसीएल ककरी द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी है। इसके बावजूद अनपरा बाजार मार्ग पर स्थित इस महत्वपूर्ण जमीन पर कथित तौर पर अवैध रूप से मकान निर्माण कराया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, अवैध निर्माण रोकने के लिए पहले भी दो बार कार्रवाई की जा चुकी है। 15 अप्रैल 2026 को एनसीएल सुरक्षा और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काम बंद कराया था। इसके बाद 20 अप्रैल 2026 को वन विभाग, पर्यावरण विभाग और राजस्व टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दोबारा निर्माण रुकवाया गया और सख्त चेतावनी दी गई।
इसके बावजूद आरोप है कि 29 अप्रैल की रात फिर से निर्माण शुरू कर दिया गया। जब एनसीएल सुरक्षा विभाग ने इसका विरोध किया और रात करीब 9:27 बजे पुलिस को सूचना दी, तो मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय लोगों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ बहस और झड़प की, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
एनसीएल प्रबंधन का कहना है कि C.B.A ACT 1957 के अनुच्छेद 9 के तहत इस भूमि पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण पूरी तरह अवैध है। मामले को लेकर सुरक्षा विभाग ने अनपरा थाने में लिखित तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही, राजस्व नक्शा और निर्माण से संबंधित साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
प्रबंधन ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा तत्काल हटाया जाए और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके के अन्य अतिक्रमणकारियों में भी दहशत का माहौल है। अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Post a Comment