9 मई को सोनभद्र में मुख्य आयोजन, सभी तहसीलों व बाह्य न्यायालयों में भी लगेगी लोक अदालत
सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सोनभद्र। आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल और जनोपयोगी बनाने के लिए न्यायपालिका पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में सोमवार 4 मई 2026 को जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र राम सुलीन सिंह ने अपने विश्राम कक्ष में नोडल अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बैंक प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रभावी संचालन और अधिक से अधिक वादों के निस्तारण को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। निर्देश दिए गए कि सभी संबंधित मामलों में समय से नोटिस की तामील सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिकाधिक वादों का निपटारा संभव हो सके।
जनपद न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि लोक अदालत की मूल भावना आपसी सुलह-समझौते के आधार पर विवादों का समाधान करना है। इसलिए सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि श्रम, शमनीय और सेवा संबंधी मामलों का निस्तारण विधिक प्रक्रिया और लोक अदालत की गरिमा के अनुरूप किया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य आयोजन जनपद न्यायालय परिसर में होगा, जबकि सभी तहसीलों, बाह्य न्यायालय घोरावल, दुद्धी तथा ओबरा तहसील में भी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में कुटुंब न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष, नोडल अधिकारी, अपर जनपद न्यायाधीश, सिविल जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सहित अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment