सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सहित उत्तरी एवं मध्य भारत में चल रहे श्रमिक आंदोलनों के समर्थन में मंगलवार 12 मई 2026 को “राष्ट्रीय मांग दिवस” के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में जनपद सोनभद्र में इंटक एवं विभिन्न ट्रेड यूनियनों के बैनर तले श्रमिकों ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर माननीया राज्यपाल महोदया, राजभवन लखनऊ के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए श्रमिकों पर हो रहे कथित दमन को लोकतंत्र और मजदूर अधिकारों पर सीधा हमला बताया।
*“कॉर्पोरेट हितों के लिए मजदूरों का दमन बर्दाश्त नहीं”*
*नोएडा-गुरुग्राम में कार्रवाई को बताया श्रमिक विरोधी, हजारों मजदूरों की गिरफ्तारी पर उठे सवाल*
ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकार द्वारा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में चल रहे श्रमिक आंदोलनों पर क्रूर दमन किया जा रहा है। ट्रेड यूनियनों ने आरोप लगाया कि अब तक 1000 से अधिक श्रमिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा लगातार मजदूरों के घरों पर छापेमारी की जा रही है।
श्रमिक नेताओं ने कहा कि मजदूरों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें “बाहरी” और “राष्ट्र विरोधी” बताकर बदनाम किया जा रहा है, जिससे औद्योगिक शांति खतरे में पड़ रही है।
इंटक सोनभद्र के जिला अध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी ने कहा कि वर्षों से लंबित श्रमिक समस्याओं का समाधान अब अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सभी गिरफ्तार श्रमिकों को तत्काल बिना शर्त रिहा किया जाए, झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं तथा श्रमिक विरोधी श्रम संहिताओं को निरस्त किया जाए।
उन्होंने यह भी मांग उठाई कि औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों को ₹26,000 प्रतिमाह न्यूनतम मजदूरी दी जाए, 8 घंटे कार्य दिवस सुनिश्चित हो, ओवरटाइम का दुगुना भुगतान मिले तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा और वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रदर्शनकारियों ने डाला सीमेंट फैक्ट्री मेसर्स अल्ट्राटेक में कार्यरत कर्मचारियों को सीमेंट बेजं बोर्ड की सुविधा देने, पूर्व राजकीय सीमेंट फैक्ट्री डाला, चुर्क और चुनार के कर्मचारियों को सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के आदेशानुसार वेतन, पेंशन एवं अन्य लाभ प्रदान करने की भी मांग की।
इंटक के जिला उपाध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी तथा संयुक्त सचिव उत्तम कुमार मिश्रा ने कहा कि वर्तमान सरकार मजदूरों की आवाज सुनने के बजाय उन्हें जेल भेजने का काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में नोएडा-ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर बड़ा आंदोलन खड़ा होगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शमीम अख्तर खान, ऋतुराज पाठक, मुन्ना खान, दिलीप कुमार सिंह, हरिशंकर गौड़, राजाराम भारती, शंकर, लालता चौहान, मुकेश चेरो, फुलवंती देवी, कुंती देवी, रामप्रसाद, चन्दर, हरिलाल, रामनारायण, मोहरलाल गुलाब सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment