सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
विश्व हिंदू महासंघ की बैठक में योगी जी के जन्मोत्सव और विशाल रैली की बनी रणनीति
सोनभद्र। विश्व हिंदू महासंघ संगठन जनपद सोनभद्र की मासिक बैठक सलखन में बड़े उत्साह और संगठनात्मक मजबूती के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विजय यादव ने की, जबकि संचालन जिलामंत्री राजकुमार यादव ने किया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, संगठन विस्तार तथा हिंदू स्वाभिमान को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य आकर्षण लोक सन्यासी परम पूज्य महंत योगी आदित्यनाथ महाराज जी के 55वें जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाने की तैयारी रही। इसके साथ ही जनपद में आयोजित होने वाली “हिंदू स्वाभिमान रैली” को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार एवं हिंदू समाज में जागरूकता फैलाने के लिए गांव-गांव तक पहुंचने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम के दौरान गौरक्षा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बीरेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संगठन के नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। महामण्डलेश्वर किरन नन्दगिरी जी के कर-कमलों द्वारा सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किया गया।
मनोनीत पदाधिकारियों में भूमिशरण को जिलामंत्री, रामसुरत बैगा को जिला संयोजक, सितारा गुप्ता को जिला उपाध्यक्ष, छैबर खरवार को जिला मीडिया प्रभारी, जय प्रकाश शर्मा को नगर अध्यक्ष ओबरा, तेज बहादुर को ब्लॉक अध्यक्ष तथा नन्दलाल गुप्ता को ब्लॉक उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
वहीं सूरज ओझा, राजन पनिका एवं सागर भारती ने संगठन की नीतियों एवं सनातन विचारधारा से प्रभावित होकर विश्व हिंदू महासंघ की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री नागेश्वर प्रसाद गोंड ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व हिंदू महासंघ संगठन की मजबूती ही समाज और राष्ट्र की उन्नति का आधार है। उन्होंने पदाधिकारियों से पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में किन्नर प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष किरन नंदगिरी उपस्थित रहीं। बैठक में मातृशक्ति प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष ममता सोनी, प्रिंट मीडिया प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष चंदन सोनी, जिला महामंत्री कृष्ण कान्त द्विवेदी, जिला मंत्री विनय कुमार श्रीवास्तव सहित संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, हिंदू एकता और आगामी कार्यक्रमों को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।



Post a Comment