लाल मैदान अनपरा में गूंजे मजदूर एकता के नारे

 

मजदूर दिवस पर सैकड़ों श्रमिकों का प्रदर्शन, सरकार व प्रबंधन के खिलाफ जमकर उठी आवाज


सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
 


अनपरा/सोनभद्र 1 मई 2026 ।
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर अनपरा के लाल मैदान में सैकड़ों की संख्या में मजदूर एकत्रित हुए और एकजुटता के साथ मजदूर दिवस मनाया। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकारों पर मजदूर विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कड़ी आलोचना की।

सभा में हाल ही में नोएडा में मजदूरों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुई कथित हिंसा, लाठीचार्ज, आंसू गैस के प्रयोग तथा सैकड़ों मजदूरों पर दर्ज मुकदमों की निंदा की गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मजदूरों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि प्रदेश भर में मजदूरों पर हो रहे उत्पीड़न को तत्काल रोका जाए।

वक्ताओं ने न्यूनतम वेतन को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित ₹18,000 मासिक वेतन को तत्काल लागू किया जाए, साथ ही श्रमिक संगठनों द्वारा प्रस्तावित ₹26,000 न्यूनतम वेतन भी लागू किया जाए। इसके अलावा महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था व महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर भी चिंता जताई गई।

सभा में यह भी कहा गया कि 8 घंटे कार्य दिवस का अधिकार अमेरिका के शिकागो शहर में मजदूरों के बलिदान के बाद मिला था, जिसे वर्तमान में नए श्रम कानूनों (लेबर कोड) के माध्यम से कमजोर किया जा रहा है और 12 घंटे कार्यदिवस की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इसका वक्ताओं ने कड़ा विरोध करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया।

अनपरा तापीय परियोजना में मजदूरों के शोषण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।वक्ताओं ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही मजदूरों को न्यूनतम वेतन व अन्य सुविधाएं लागू नहीं की गईं, तो बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुरेन्द्र पाल (जिलाध्यक्ष, जिला संविदा श्रमिक यूनियन सोनभद्र), गुड्डू उपाध्याय (जिला मंत्री, अखिल भारतीय जनवादी नौजवान सभा), विसम्भर सिंह (प्रांतीय महामंत्री, उत्तर प्रदेश बिजली इम्प्लाइज यूनियन, लखनऊ), कलावती देवी, नीलम देवी, कंचन सिंह, कमलदेव यादव, भोलनाथ होजरी, मुस्तफा अहमद, गणेश सिंह, ईश्वर केसरी, ओमप्रकाश सिंह, बड़ी प्रसाद, पी. रमन, बब्बन राम, बेबी सिंह, मीना देवी, राधा तिवारी, सुमन सिंह, शिवकुमार सिंह सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड पन्ना लाल (जिला उपाध्यक्ष, सीटू सोनभद्र) ने की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume