Top News

जनसुनवाई में जिलाधिकारी का सख्त एक्शन

 


सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 

चकबन्दी लेखपाल पर तत्काल कार्रवाई, ब्लॉक मिशन प्रबन्धक भी हटाए गए


सोनभद्र।
जनसुनवाई में लगातार मिल रही शिकायतों पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही, भ्रष्टाचार एवं अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम कुसाही, केकराही निवासी शिव कुमार पुत्र बन्धु ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि गांव में चल रही चकबन्दी प्रक्रिया में चक सही स्थान पर बैठाने के नाम पर प्रधान एवं चकबन्दी लेखपाल द्वारा धन की मांग की जा रही है। शिकायत को बेहद गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी को तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में चकबन्दी लेखपाल रोहित तिवारी को तत्काल प्रभाव से सहायक चकबन्दी अधिकारी, राबर्ट्सगंज द्वितीय कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया।

वहीं दूसरी ओर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर की गई शिकायत पर भी प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सी0एल0एफ0 बुक कीपर पूजा के साथ मिलकर ब्लॉक मिशन प्रबन्धक प्रदीप कुमार जायसवाल द्वारा वित्तीय अनियमितताएं एवं कार्यों में गड़बड़ी की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी द्वारा संयुक्त जांच कराई गई, जिसमें ब्लॉक मिशन प्रबन्धक की कार्यप्रणाली संदिग्ध पाई गई तथा पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही सामने आई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त स्वतः रोजगार द्वारा प्रदीप कुमार जायसवाल को तत्काल प्रभाव से जिला मिशन प्रबन्धन इकाई से सम्बद्ध कर दिया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।





Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume