सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
दिसम्बर तक हर हाल में पूरा होगा कनहर सिंचाई परियोजना का निर्माण
सोनभद्र। जनपद की बहुप्रतीक्षित एवं महत्वाकांक्षी कनहर सिंचाई परियोजना को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने परियोजना से जुड़े निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कनहर सिंचाई परियोजना के अंतर्गत चल रहे सभी कार्य आगामी दिसम्बर माह तक हर हाल में पूर्ण कर लिये जाएं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि परियोजना के निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना जनपद के किसानों की उम्मीदों और क्षेत्रीय विकास से सीधे जुड़ी हुई है।
समीक्षा बैठक में वन विभाग, विद्युत विभाग एवं राजस्व विभाग से संबंधित लंबित मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन विभागीय अड़चनों या प्रशासनिक बाधाओं के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान कराया जाए ताकि परियोजना की प्रगति बाधित न हो।
डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि कनहर सिंचाई परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और हजारों किसानों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों की सतत समीक्षा करने तथा प्रत्येक चरण की प्रगति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद अधिकारियों को चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



Post a Comment