कलेक्ट्रेट सभागार में CM योगी के संबोधन का सजीव प्रसारण
सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सोनभद्र । जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षामित्रों के सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित शिक्षामित्रों ने उत्साहपूर्वक सुना।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के सभी शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने के निर्णय पर जिला प्रशासन की ओर से यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद के कार्यरत शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के लिए 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा भी प्रदान किया जा रहा है। साथ ही शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है। सदर विधायक भूपेश चौबे ने सभी शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होता है और शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं।
वहीं घोरावल विधायक अनिल कुमार मौर्य ने भी सरकार की इस पहल की सराहना की। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट क्लास, विद्यालयों का सुंदरीकरण एवं शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।
इस दौरान पांच उत्कृष्ट शिक्षामित्रों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रतीकात्मक रूप से बढ़े हुए मानदेय के चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं अधिकारियों ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए शिक्षण-अधिगम सामग्री के स्टॉल का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र एवं विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






Post a Comment