ओबरा में सहयोग योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का छठवां दिन सम्पन्न, योग और प्राणायाम का दिया गया विशेष प्रशिक्षण
सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
ओबरा। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से सम्बद्ध पतंजलि परिवार के विभिन्न संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में सोनभद्र जनपद के ओबरा तहसील स्थित चिल्ड्रेन पार्क योग भवन में आयोजित सहयोग योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर के छठवें दिन का कार्यक्रम उत्साह एवं अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण सत्र का शुभारम्भ किया। इस दौरान साधिका संध्या एवं सुमन ने भी दीप प्रज्वलन में सहयोग किया।
प्रशिक्षण सत्र में नए योग शिक्षकों को परम् पूज्य स्वामी रामदेव महाराज द्वारा अष्टांग योग का अभ्यास कराया गया। साथ ही योगिक जॉगिंग, सूर्य नमस्कार, दण्ड-बैठक आदि की जानकारी दी गई। मधुमेह रोगियों के लिए मंडूकासन, कूर्मासन, शशकासन, गोमुखासन, वक्रासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया, जबकि उच्च रक्तचाप के लिए अनुलोम-विलोम प्राणायाम का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
योग प्रशिक्षक वीरेंद्र योगी ने कहा कि सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड का निर्माण पृथ्वी, अग्नि, वायु, जल और आकाश तत्वों से हुआ है। इन पंचतत्वों में प्राण तत्व सर्वव्यापी है। उन्होंने ऋग्वेद का उल्लेख करते हुए कहा कि “ऑक्सीजन एक औषधि है” तथा प्राण सम्पूर्ण चिकित्सा का आधार है।
उन्होंने बताया कि प्राणायाम केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक परिवर्तन का भी माध्यम है। प्राण का सीधा प्रभाव हमारे विचारों पर पड़ता है। जब विचार शुद्ध होते हैं तो व्यक्ति का आहार एवं व्यवहार भी शुद्ध और पवित्र हो जाता है।
कार्यक्रम में बताया गया कि स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण का उद्देश्य है कि देश का प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन सुबह एक घंटा योग का अभ्यास करे, जिससे बीमारियों से बचाव संभव हो सके। इसी उद्देश्य से योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवन अपना सकें।
शिविर में युवाओं को योग, आयुर्वेद, स्वदेशी चिकित्सा, स्वदेशी शिक्षा एवं भारतीय संस्कृति से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। गांव वैनी के 11 वर्षीय बालक बाबू, जो पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के सदस्य हैं, योग शिक्षक बनने की दिशा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वहीं डाला रोड निवासी राज्य स्तरीय योग खिलाड़ी रितिका प्रजापति भी योग में डिप्लोमा कोर्स करने की इच्छा के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।
शिविर का मार्गदर्शन पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश पूर्व के राज्य प्रभारी भगवान जी एवं दुर्गेश जी के निर्देशन में किया जा रहा है। कार्यक्रम में संवाद प्रभारी सुरेंद्र जी, मार्कंडेय जी, जिला प्रभारी रवी प्रकाश, सहयोग प्रभारी दिनेश पाठक, शिवपूजन झा, राधा त्रिपाठी, आर.एन. गुप्ता, रेनू, मयंक, राधेश्याम, सुशील चौबे, सुनील श्रीवास्तव, राजाराम सिंह, घनश्याम सिंह, गीता यादव, शिवांगी, लालजी, देवेश सिंह, हरिवंश, लल्लन यादव, निशांत, शशिकांत, प्रमोद तिवारी, रामाकांत, अनिल कुमार, केवल, हौसला, राजेश्वर, मंजू देवी, कुसुम, संध्या, सुमन सहित बड़ी संख्या में साधक उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षकों जितेन्द्र सिंह, राजेश शर्मा एवं वीरेंद्र योगी द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गर्मी से बचाव हेतु शीतली प्राणायाम, सीत्कारी प्राणायाम, चन्द्र भेदी, सूर्य भेदी तथा कर्णरोगान्तक प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।
पतंजलि परिवार सोनभद्र की ओर से ओबरा नगरवासियों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में निःशुल्क योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर योग को अपनाएं और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
“करें योग, रहें निरोग”


Post a Comment