सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
*फीस वृद्धि की शिकायत करना पड़ा भारी!*
*आवाज़ उठाई तो बच्चों का स्कूल जाना बंद कराया*
रामगढ़ / सोनभद्र । सोनभद्र जनपद के रामगढ़ क्षेत्र स्थित सेंट पॉल स्कूल, कोल्हूआ एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा पिछले चार वर्षों से लगातार फीस में बेतहाशा वृद्धि की जा रही है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि फीस में लगभग “200 गुना तक बढ़ोतरी” की गई, जिसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से किए जाने के बाद अब विद्यालय प्रशासन बच्चों को अप्रैल माह से स्कूल आने से रोक रहा है।
*अभिभावकों के अनुसार,*
जब उन्होंने बढ़ी हुई फीस और अन्य अनियमितताओं को लेकर आवाज उठाई, तो विद्यालय प्रबंधन ने साफ शब्दों में कह दिया कि “हमारा विद्यालय खण्ड शिक्षा अधिकारी चतरा के अधीन नहीं आता, इसलिए हम उनके आदेश मानने के लिए बाध्य नहीं हैं।”
इतना ही नहीं, अभिभावकों ने आरोप लगाया कि उन्हें धमकी भरे लहजे में कहा जा रहा है कि “जहां जाना है जाइए, हमारा कुछ नहीं होगा।” इस पूरे मामले ने शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
*एक ही दुकान से खरीदने का दबाव!*
विद्यालय पर यह आरोप भी लगाया जा रहा है कि कॉपी, किताब, टाई, बेल्ट, डायरी समेत अन्य शैक्षणिक सामग्री केवल विद्यालय द्वारा बताई गई दुकान से ही खरीदने का दबाव बनाया जाता है। अभिभावकों का कहना है कि इससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और शासनादेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
*डीएम के आदेशों की भी अनदेखी?*
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिलाधिकारी सोनभद्र द्वारा जारी निर्देशों की भी खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने में असहाय नजर आ रहे हैं।
वहीं अभिभावकों का आरोप है कि जब इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक से शिकायत की गई तो उन्होंने भी “हम विवश हैं, कुछ नहीं कर सकते” कहकर अपनी असमर्थता जता दी।
*अभिभावकों में भारी आक्रोश*
पूरे प्रकरण को लेकर अभिभावकों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि शिक्षा संस्थान ही मनमानी करने लगें और जिम्मेदार अधिकारी मौन बने रहें, तो आम जनता आखिर न्याय की उम्मीद किससे करे?
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कोई ठोस कदम उठाता है या फिर अभिभावकों की आवाज यूं ही दबा दी जाएगी।




Post a Comment