Top News

चकबंदी घोटाले पर भड़के किसान, 358वें दिन भी जारी ‘जमीन बचाओ’ आंदोलन


सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 

भाकियू (लोक शक्ति) का ऐलान — “जब तक अन्याय नहीं रुकेगा, धरना खत्म नहीं होगा”


घोरावल, सोनभद्र।
घोरावल ब्लॉक के भैसवार गांव में चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर किसानों का गुस्सा लगातार उबाल पर है। “जमीन बचाओ” के नारे के साथ शुरू हुआ किसानों का आंदोलन अब 358वें दिन में पहुंच गया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक चकबंदी में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

सेमरीहवा टोला स्थित बछनार बिरबाबा देवस्थान पर चल रहे इस धरने का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के जिला अध्यक्ष बिरजू कुशवाहा कर रहे हैं। धरना स्थल पर जुटे किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चकबंदी विभाग की लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार के चलते किसानों की जमीनों के साथ अन्याय किया जा रहा है।

भाकियू (लोक शक्ति) के जिला अध्यक्ष बिरजू कुशवाहा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और चकबंदी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द पांच सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और चकबंदी विभाग की होगी।


वहीं, भाकियू के जिला सचिव संजय कुमार यादव ने प्रशासनिक निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों की आवाज को लगातार दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी, जिलाधिकारी या चकबंदी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं का संज्ञान लेना जरूरी नहीं समझा। उन्होंने मांग की कि चकबंदी अनियमितताओं पर तत्काल आख्या प्रस्तुत की जाए, अन्यथा उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा।

धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि किसानों की मांगों को गंभीरता से सुना जाए और उनके हितों की रक्षा के लिए ठोस एवं निष्पक्ष निर्णय लिया जाए।

धरना कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बिरजू कुशवाहा, संजय कुमार यादव, सीताराम मौर्य, गुंजन, राममूरत मौर्य, पारस, संगठन मंत्री मनोज कुमार यादव, ओमप्रकाश गुप्ता, रामलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान मौजूद रहे।





Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume