सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
10 मई की डेडलाइन फेल, समाधान दिवस का लिखित आश्वासन निकला झूठा
मुख्यमंत्री के आदेशों की उड़ाई धज्जियां, अवैध कब्जाधारियों पर मेहरबान अधिकारी!
ग्राम पड़री कला में सरकारी भूमि पर कब्जा कायम, अब जिलाधिकारी दरबार पहुंचेगा मामला
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए सख्त निर्देश जारी किए जाने के बावजूद जनपद सोनभद्र में प्रशासनिक लापरवाही और अधिकारियों की संदिग्ध कार्यशैली खुलकर सामने आ रही है। विकास खंड चतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़री कला में सरकारी गाटा संख्या 611 क की भूमि पर अवैध कब्जा आज भी जस का तस बना हुआ है, जबकि कब्जाधारी द्वारा स्वयं 10 मई 2026 तक अतिक्रमण हटाने का लिखित आश्वासन दिया गया था।
पन्नूगंज थाना समाधान दिवस में ग्राम प्रधान विजय कुमार ने पूरे मामले को उठाते हुए सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई थी। राजस्व विभाग की स्थलीय जांच में कब्जा सत्य पाए जाने के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया था। लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी न कब्जा हटा और न ही जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई हुई। इससे ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना अधिकारियों की मिलीभगत के सरकारी भूमि पर खुलेआम कब्जा संभव नहीं है। मुख्यमंत्री के सख्त आदेशों के बावजूद यदि सरकारी जमीन कब्जामुक्त नहीं हो पा रही है, तो यह प्रशासनिक तंत्र की गंभीर विफलता और सरकारी आदेशों की खुली अवहेलना है।
गांव के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे मामले की शिकायत साक्ष्यों सहित जिलाधिकारी सोनभद्र के समक्ष रखी जाएगी। ग्रामीणों को नवनियुक्त जिलाधिकारी चर्चित गौंड की सख्त कार्यशैली से उम्मीद है कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी और सरकारी भूमि को तत्काल कब्जा मुक्त कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गाटा संख्या 611 क की भूमि का तत्काल सीमांकन कराकर अवैध कब्जा हटाया जाए, दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई हो तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए राजस्व विभाग का स्थायी सूचना बोर्ड लगाया जाए।



Post a Comment