अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर “श्रमिक सुविधा केंद्र” का लोकार्पण, आधुनिक सुविधाओं से लैस केंद्र शुरू
ओबरा, सोनभद्र | 01 मई 2026 अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर ओबरा बीटीपीएस परिसर में श्रमिकों के कल्याण को नई दिशा देते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। शुक्रवार को अपराह्न 12:30 बजे मुख्य महाप्रबंधक राजेन्द्र कुमार अग्रवाल ने “श्रमिक सुविधा केंद्र” का विधिवत उद्घाटन किया।
यह सुविधा केंद्र पुराने भवन के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण के माध्यम से विकसित किया गया है, जिससे संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए एक सुव्यवस्थित और उपयोगी केंद्र तैयार किया गया है। केंद्र में श्रमिकों के लिए स्वच्छ पेयजल, विश्राम कक्ष, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा तथा मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे कार्य के दौरान श्रमिकों को अधिकतम सुविधा मिल सके।
इस पहल का क्रियान्वयन प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी के मार्गदर्शन में किया गया। उनके नेतृत्व में निगम द्वारा श्रमिक कल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, जो कार्यस्थल की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ श्रमिकों के जीवन स्तर को भी ऊंचा उठाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक राजेन्द्र कुमार अग्रवाल के साथ महाप्रबंधक (ब) सोमनाथ मिश्र, महाप्रबंधक (जनपद) अजय कुमार राय, महाप्रबंधक मनीष यादव, अधीक्षण अभियंता नेमी चन्द्र, अजय कुमार शर्मा, राजेश्वर प्रसाद, सुधांशु यादव, संजय कुमार पटेल, नजमुल हसन, जीतेन्द्र कुमार मिश्र सहित सीआईएसएफ के कार्मिक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अधिशासी अभियंता अंकुर सिंह तथा कार्यकारी अधिकारी अनुराग मिश्र की विशेष भूमिका रही।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक ने श्रमिकों के कल्याण के लिए ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई और सभी को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दीं।




إرسال تعليق