सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
अनपरा नाइट सर्किल क्रिकेट प्रतियोगिता-04 (2026) का भव्य समापन
AJ 11 बनी चैंपियन, वारियर रही उपविजेता
कप्तान असुरजीत शर्मा की अगुवाई में AJ 11 ने रचा इतिहास,
बुद्ध पार्क मैदान में देर रात तक गूंजता रहा जीत का उत्साह
अनपरा, सोनभद्र। अनपरा कॉलोनी स्थित बुद्ध पार्क मैदान में आयोजित अनपरा नाइट सर्किल क्रिकेट प्रतियोगिता-04 (2026) का रविवार देर रात भव्य समापन हुआ। लगभग एक माह तक चले इस रोमांचक क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता ने स्थानीय विद्युत कर्मियों की खेल प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ खेल भावना, अनुशासन और आपसी एकता को भी मजबूती प्रदान की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एवं प्रतियोगिता के संरक्षक अनपरा तापीय परियोजना के बताप महाप्रबंधक ई. चंद्र प्रकाश रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना की भी सीख देता है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर कर खेल मैदानों से जोड़ने की अपील भी की।
विशिष्ट अतिथि ई. निखिल चतुर्वेदी महाप्रबंधक ने सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। आयोजन समिति के सदस्य ई. विजय कुमार दिनकर ने अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं एसटी/एससी समिति के अध्यक्ष नीलेश भारती एवं महासचिव राजाराम बौद्ध ने भी सफल आयोजन के लिए समिति को धन्यवाद दिया।
19 अप्रैल से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला AJ 11 और वारियर टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वारियर टीम 12 ओवरों में 71 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से श्रीकांत वर्मा ने 30 गेंदों पर शानदार 38 रन बनाए, जबकि एसपी बाबू ने 11 गेंदों पर 12 रन का योगदान दिया।
72 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी असुरजीत शर्मा की कप्तानी वाली AJ 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11.4 ओवर में 73 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। गेंदबाजी में अजय पटेल ने 2 ओवर में मात्र 8 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि शक्ति प्रकाश ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 7 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
विजेता टीम के कप्तान असुरजीत शर्मा ने चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं उपविजेता वारियर टीम के कप्तान ई. शैलेश यादव ने अपनी टीम के साथ रनर-अप ट्रॉफी ग्रहण की। तीसरे स्थान पर रही नाइट टीम के कप्तान प्रवीण कश्यप को भी समिति द्वारा सम्मानित किया गया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच का खिताब सुरेंद्र पटेल को मिला। अमित सिंह को मैन ऑफ द सीरीज एवं बेस्ट बल्लेबाज चुना गया, जबकि असुरजीत शर्मा को बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्य आयोजक इंद्रसेन गौतम एवं डॉ. विशाल मोहन ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ई. सचिन कनौजिया ने किया, जबकि फाइनल मुकाबले में निर्णायक की भूमिका ई. सुशील सिंह एवं संजय वाल्मीकि ने निभाई।
इस अवसर पर ई. महेंद्र सिंह, ई. कुमार गौरव, ई. संदीप रजक, एसपी कुशवाहा, ई. सतीश यादव, ई. भरत यादव, ई. पीयूष राय, ई. कृष्णा प्रेमी, ई. रवि गुप्ता, ई. इरफान, योगेश अग्रवाल, ऋषिश वर्मा, ई. धर्मेंद्र रामकरण, ई. विष्णुदेव झा, ई. अश्वनी पाल, ई. ज्ञानेंद्र सिंह पटेल, प्रशांत उपाध्याय, प्रभाकर सिंह सहित बड़ी संख्या में अभियंता, कर्मचारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में हरिकेश भारती, संजय प्रजापति, सचिन कनौजिया, ललित वैश्य, सत्येंद्र कुमार, विशाल शाही, नागेंद्र बाबू, राकेश यादव, विषम्भार, अशोक, घनश्याम, संजय, विनोद, विकास, विजेंद्र सिंह, उमेश, शुभम वर्मा और देवव्रत का विशेष योगदान रहा।
यह प्रतियोगिता केवल क्रिकेट का आयोजन नहीं रही, बल्कि व्यस्त औद्योगिक जीवन के बीच खेल, मनोरंजन, भाईचारे और एकता का सशक्त संदेश देने वाला उत्सव बन गई।






Post a Comment