सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सोनभद्र में भाकियू (लोक शक्ति) का आंदोलन 363वें दिन पहुँचा, 20 एवं 21 मई को होगा अखंड हरिकीर्तन और गायत्री मंत्र जाप
घोरावल/सोनभद्र । घोरावल ब्लॉक के भैसवार गांव में चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में किसानों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। “जमीन बचाओ” के नारे के साथ जारी भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) का धरना अब 363वें दिन में प्रवेश कर चुका है। आंदोलनकारी किसानों ने 20 और 21 मई को धरना स्थल पर 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन एवं गायत्री मंत्र जाप आयोजित करने का ऐलान किया है।
सेमरीहवा टोला स्थित बछनार बिरबाबा देवस्थान पर चल रहे इस आंदोलन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के जिला अध्यक्ष बिरजू कुशवाहा कर रहे हैं। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण एकजुट होकर अपनी जमीन बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
किसानों का आरोप है कि चकबंदी विभाग द्वारा की जा रही प्रक्रिया में भारी गड़बड़ियां हुई हैं, जिससे किसानों की जमीनों के साथ अन्याय हो रहा है। आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रशासन लगातार शिकायतों के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
भाकियू (लोक शक्ति) घोरावल तहसील अध्यक्ष राम केवल मौर्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक चकबंदी में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक गांव में चकबंदी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द संज्ञान नहीं लिया तो पांच सूत्रीय मांगों को लेकर महापंचायत कर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
भाकियू (लोक शक्ति) के जिला सचिव संजय कुमार यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि भैसवार गांव के किसानों को तत्काल न्याय और राहत दी जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते चकबंदी अनियमितताओं पर कार्रवाई नहीं हुई और कोई विवाद उत्पन्न हुआ तो इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और चकबंदी विभाग की होगी।
धरना स्थल पर प्रमुख रूप से सीताराम मौर्य, गुंजन, राम मूरत मौर्य, गजेंद्र बहादुर सिंह, रामपाल पटेल, ओमप्रकाश गुप्ता, मोहन सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।




Post a Comment