जनपद न्यायाधीश ने दी जानकारी, सुलह-समझौते से मिलेगा राहत का अवसर
सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सोनभद्र। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के तत्वावधान में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में जनपद न्यायाधीश राम सुलीन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के वादों का आपसी सुलह- समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, धारा-138 एनआई एक्ट से जुड़े मामले, आर्बिट्रेशन वाद, तथा पेटी ऑफेन्स (छोटे अपराध) से संबंधित प्रकरणों का निपटारा किया जाएगा। इसके अलावा बैंक वसूली वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, पारिवारिक विवाद, श्रम संबंधी मामले एवं भूमि अधिग्रहण वाद भी शामिल रहेंगे।
इसी क्रम में बिजली एवं जल बिल से जुड़े विवाद (गैर-शमनीय को छोड़कर), सेवा संबंधी मामले जैसे वेतन, भत्ते व सेवानिवृत्ति लाभ, तथा राजस्व वाद (जो उच्च न्यायालय व जिला न्यायालय में लंबित हैं) को भी लोक अदालत में रखा जाएगा। साथ ही अन्य सिविल वाद, जैसे किराया, व्ययादेश एवं विशिष्ट अनुतोष से जुड़े मामलों का भी समाधान कराया जाएगा।
जनपद न्यायाधीश ने यह भी बताया कि प्री-लिटिगेशन (वाद पूर्व) मामलों को भी सुलह के आधार पर निस्तारित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पक्षकारों को शीघ्र, सुलभ और किफायती न्याय मिल सके।

Post a Comment