सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
“एक अच्छी सर्वेक्षण शोध परियोजना रिपोर्ट कैसे बनाए” विषय पर विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक मार्गदर्शन
ओबरा, सोनभद्र। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा के वाणिज्य विभाग द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से “हाउ टू राइट अ गुड सर्वे रिसर्च प्रोजेक्ट रिपोर्ट” (एक उत्कृष्ट सर्वेक्षण शोध परियोजना रिपोर्ट कैसे तैयार करें) विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. प्रमोद कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सेमिनार के तकनीकी सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में वाणिज्य विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विकास कुमार ने छात्रों को सर्वे रिसर्च प्रोजेक्ट तैयार करने की संपूर्ण प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने डेटा संग्रहण, प्रभावी प्रश्नावली निर्माण तथा रिपोर्ट की संरचना जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर व्यावहारिक जानकारी साझा की।
कार्यक्रम की आयोजन सचिव असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विभा पाण्डेय ने शोध कार्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सटीक और व्यवस्थित शोध विद्यार्थियों के अकादमिक और व्यावसायिक जीवन में नई संभावनाएं खोलता है। वहीं, वाणिज्य विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संघमित्रा ने सर्वे के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचने और गुणवत्तापूर्ण शोध रिपोर्ट तैयार करने के उन्नत तरीकों पर छात्रों का मार्गदर्शन किया।
विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सेमिनार में निःशुल्क पंजीकरण की व्यवस्था की गई थी। यह आयोजन छात्रों में शोध के प्रति रुचि जागृत करने और उनके भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

Post a Comment