सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
शीर्ष मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, ब्लॉक स्तरीय परीक्षा के लिए हुए चयनित
अनपरा,सोनभद्र। न्याय पंचायत कुलडोमरी संकुल-2, विकास खण्ड मयोरपुर के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय औराडांड प्रथम में सोमवार, 7 सितम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे न्याय पंचायत स्तरीय मेधावी परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में न्याय पंचायत के प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 3, 5, 6 एवं 8 में अध्ययनरत शीर्ष दो मेधावी विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रत्येक कक्षा स्तर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष दो विद्यार्थियों का चयन आगामी 8 सितम्बर को आयोजित होने वाली विकास खण्ड स्तरीय मेधावी परीक्षा के लिए किया गया।
वहीं प्रत्येक स्तर पर शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को कॉपी, पेन एवं अन्य शिक्षण सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए वरिष्ठ शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं अनुभवी शिक्षकों ने सफलता के विभिन्न मंत्र बताए तथा निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में न्याय पंचायत के समस्त शिक्षक, प्रधानाध्यापक, संकुल शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए परीक्षा आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन सफल एवं सराहनीय रहा। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आगे बढ़ने के लिए एक बेहतर मंच भी प्राप्त हुआ।

Post a Comment