Top News

इलेक्ट्रिक दुकान चोरी का अनपरा पुलिस ने किया खुलासा, एक गिरफ्तार व दो बाल अपचारी हिरासत में

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल 


अनपरा, सोनभद्र।
थाना अनपरा पुलिस ने वार्ड नंबर-03 स्थित इलेक्ट्रिक दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए 11 बोरियों में इलेक्ट्रिक केबिल तार तथा चोरी के माल के परिवहन में प्रयुक्त TVS KING EP4 ई-रिक्शा संख्या UP64CT6064 बरामद किया है। मामले में पुलिस ने धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना अनपरा प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम चोरी की घटना के खुलासे और माल की बरामदगी के लिए लगातार प्रयासरत थी।

बताया गया कि 13 सितंबर 2026 को वार्ड नंबर-03 स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने इलेक्ट्रिक केबिल तार चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना अनपरा में मु0अ0सं0-187/2026, धारा 305(a), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का माल ई-रिक्शा से ले जाया जा रहा है। सूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दुल्लापाथर रोड स्थित जियो टावर के पास TVS ई-रिक्शा से चोरी के केबिल तार ले जाते हुए एक युवक और दो बाल अपचारियों को पकड़ लिया। बरामद सामान की पहचान वादी द्वारा अपनी दुकान से चोरी हुए सामान के रूप में की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 13 सितंबर को वे चोरी के इरादे से ई-रिक्शा से सिनेमा रोड की ओर घूम रहे थे। वार्ड नंबर-03 में सुनसान स्थान देखकर उन्होंने इलेक्ट्रिक दुकान का ताला तोड़ा और भोर के समय दुकान से केबिल तार बोरियों में भरकर ई-रिक्शा से ले गए। रास्ते में कुछ बोरियां गिर गईं, जिन्हें वे उठा नहीं सके। शेष चोरी का माल ई-रिक्शा में छिपाकर रखा गया था और बाद में उसे बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने कुल 11 बोरियों में इलेक्ट्रिक केबिल तार बरामद किए हैं। बरामद माल में 2.5 एमएम के 30 बंडल एल्यूमिनियम केबिल, 2.5 एमएम के 13 बंडल एल्यूमिनियम केबिल, 08 बंडल 2.5 एमएम कॉपर केबिल तथा 02 बंडल 6 एमएम 4-कोर कॉपर केबिल तार शामिल हैं। इसके अलावा चोरी के माल को ले जाने में प्रयुक्त TVS KING EP4 ई-रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुरेन्द्र कुमार पुत्र स्व. लालचन्द्र, निवासी ग्राम डिबुलगंज, थाना अनपरा, जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं करीब 14 और 15 वर्ष के दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। तीनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक जयशंकर राय, हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह यादव, कांस्टेबल मो. खलील अहमद, कांस्टेबल सौरभ वर्मा एवं महिला हेड कांस्टेबल किरन यादव शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume