सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
अनपरा, सोनभद्र। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अनपरा बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और बाजार में जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मंगलवार को रेनूसागर पुलिस चौकी प्रभारी जयशंकर राय ने पुलिस बल के साथ अनपरा बाजार में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस टीम ने दुकानदारों एवं सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फ्लैग मार्च के दौरान चौकी प्रभारी ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क तक सामान फैलाकर न रखें, जिससे राहगीरों और वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही सड़क पर मनमाने ढंग से वाहन खड़ा न करने पर मना किया गया।
पुलिस टीम ने फुटपाथ एवं सड़क के किनारे दुकान लगाने वाले दुकानदारों को भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक किया। दुकानदारों से कहा गया कि दुकान लगाने के दौरान सड़क और पैदल चलने वाले लोगों के आवागमन में किसी तरह की रुकावट न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।
गौरतलब है कि अनपरा बाजार में सप्ताह में दो दिन रविवार और बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। इन दोनों दिनों में बाजार में काफी भीड़ होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसे देखते हुए पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि साप्ताहिक बाजार के दिनों में विशेष सतर्कता बरतें और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराएं, ताकि यातायात बाधित न हो।
चौकी प्रभारी जयशंकर राय ने कहा कि आगामी दिनों में रामनवमी,दशहरा, दीपावली, छठ पूजा समेत कई प्रमुख त्योहार आने वाले हैं, जिसके चलते अनपरा बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अभी से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने दुकानदारों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने दें।
पुलिस के इस फ्लैग मार्च के दौरान दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। पुलिस ने नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

Post a Comment