सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
अब सफाई कर्मी नहीं, कहलाएंगे “स्वच्छता मित्र/दोस्त”
सोनभद्र। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए हर दिन पसीना बहाने वाले सफाई कर्मियों को अब सम्मानजनक पहचान मिलेगी। पिपरी नगर पंचायत में सफाई कर्मियों को अब “स्वच्छता मित्र/दोस्त” के नाम से संबोधित किया जाएगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट परिसर में सफाई कर्मियों के नए ड्रेस कोड का शुभारंभ करते हुए इस पहल की घोषणा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन अपने कार्य से नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ आमजन को बेहतर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में अहम योगदान देते हैं। ऐसे कर्मियों को सम्मान और गरिमा के साथ पहचान मिलना जरूरी है।
संबोधन नहीं, सम्मान और गरिमा का प्रतीक
डीएम ने कहा कि अब तक सफाई कर्मियों को अलग-अलग नामों से संबोधित किया जाता रहा है। इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए उन्हें “स्वच्छता मित्र/दोस्त” जैसी सकारात्मक और सम्मानजनक पहचान दी जा रही है। यह महज संबोधन नहीं, बल्कि सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक गरिमा का प्रतीक होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्मानजनक संबोधन के साथ सफाई कर्मियों को उनकी कार्य-भूमिका के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं, संसाधन और सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment