सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
बभनी पुलिस की चेकिंग में खुला तस्करी का राज, 17.07 लाख रुपये की बरामदगी—गुप्त कैविटी बनाकर छिपाया गया था नशे का सामान
बभनी/सोनभद्र। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बभनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नधिरा तिराहा पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक वेरना कार की पिछली लाइट में बनी गुप्त कैविटी से 24 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 12.07 लाख रुपये है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वेरना कार की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल करीब 17.07 लाख रुपये की बरामदगी की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार ओझा (23) तथा विकाश ओझा उर्फ अविनाश ओझा (26), निवासी भोजपुर, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाने का भी प्रयास किया।
बताया गया कि तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए कार की पिछली लाइट के अंदर गुप्त कैविटी तैयार कर उसमें गांजा छिपाया था। चेकिंग के दौरान पुलिस को संदेह होने पर वाहन की गहनता से तलाशी ली गई, जिसके बाद तस्करी के इस तरीके का खुलासा हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
कार की लाइट में छिपाकर की जा रही गांजा तस्करी का खुलासा पुलिस की सतर्कता और चेकिंग अभियान की अहम सफलता मानी जा रही है।

Post a Comment