Top News

डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर रिटायर्ड अधिकारी से ठगे 2.36 करोड़

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद 

साइबर ठगी के मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार, 75 लाख रुपये फ्रीज; ठगी के पैसे से खरीदी टाटा हैरियर और फर्जी हाईकोर्ट अधिवक्ता आईडी बरामद


सोनभद्र।
हायर ज्यूडिशियरी और शासन के अधिकारियों का भय दिखाकर सेवानिवृत्त अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट करने और करीब 2.36 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य अभियुक्त समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ठगी की रकम में से 75 लाख रुपये होल्ड/फ्रीज कराने के साथ पुलिस ने ठगी के पैसे से खरीदी गई टाटा हैरियर कार, 2.10 लाख रुपये नकद, पांच एंड्रॉयड मोबाइल और इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता का फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर को एसबीआई शाखा प्रबंधक ने साइबर थाना पुलिस को सूचना दी कि एक सेवानिवृत्त कर्मचारी लगातार किसी व्यक्ति के बताए खातों में रकम ट्रांसफर कर रहा है। वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था और उसकी स्थिति से प्रतीत हो रहा था कि वह दबाव में है। सूचना मिलते ही साइबर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार चौधरी टीम के साथ बैंक पहुंचे, लेकिन तब तक पीड़ित वहां से जा चुका था।

पूछताछ में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने हायर ज्यूडिशियरी और शासन के अधिकारियों का भय दिखाकर उसे डिजिटल अरेस्ट कर रखा था। आरोपियों ने तीन अलग-अलग बैंक खातों में करीब 2.36 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए थे और लगातार और रकम की मांग कर रहे थे।

तीन टीमों ने खंगाले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देश पर एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और सीओ साइबर हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में तीन पुलिस टीमें गठित की गईं। बैंक खातों पर रोक लगाने के साथ संदिग्ध मोबाइल नंबरों और खातों की निगरानी शुरू की गई।

इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रयागराज के ओमेक्स अपार्टमेंट से मुख्य आरोपी अरुण कुमार दूबे को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी एआई तकनीक का दुरुपयोग कर डीपफेक तस्वीरें और फर्जी दस्तावेज तैयार कर ब्लैकमेलिंग व एक्सटॉर्शन करता था। उसकी निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई टाटा हैरियर और नकदी बरामद हुई। मामले में सहयोग करने वाली दो महिलाओं प्रियंका मिश्रा और तेजल को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित की ठगी गई रकम में से 75 लाख रुपये होल्ड/फ्रीज कराए जा चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी: अरुण कुमार दूबे निवासी चुनार, मिर्जापुर; प्रियंका मिश्रा निवासी श्रीवर्धन, रायगढ़, महाराष्ट्र और तेजल निवासी श्रीवर्धन, रायगढ़, महाराष्ट्र।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume