सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
रामगढ़/चतरा, सोनभद्र। लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को रामगढ़ चतरा ब्लॉक परिसर में खड़ा विशाल यूकेलिप्टस (लिप्टिस) का पेड़ अचानक सायं 5:15 पर टूटकर ब्लॉक की बाउंड्री के बाहर मुख्य सड़क पर जा गिरा। पेड़ गिरने से रामगढ़ से सिलथम जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पेड़ के नीचे 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन भी दब गई। गनीमत रही कि इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक मोटरसाइकिल सवार बाल-बाल बच गया। अचानक पेड़ गिरने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। विद्युत तार दबे होने के कारण बिजली करंट के खतरे की भी आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटाने तथा विद्युत लाइन को सुरक्षित करने की मांग की है।
बारिश के दौरान इस तरह पेड़ों के गिरने की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे एवं सार्वजनिक परिसरों में खड़े जर्जर और खतरनाक पेड़ों का निरीक्षण कराने की भी मांग उठाई है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।



Post a Comment