सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
मेधावी छात्र चयन परीक्षा में चमके सोनभद्र के होनहार
सोनभद्र। जिले के होनहार विद्यार्थियों ने जनपद स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा-2026 में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित परीक्षा में सभी 10 विकासखंडों के 85 मेधावी विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कक्षा-3, 5, 6 और 8 के विद्यार्थियों के बीच हुई परीक्षा में कक्षा-8 के शौर्य ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि विकासखंडवार समेकित परिणाम में करमा ने 76.9 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।
परीक्षा में कक्षा-3 के 20, कक्षा-5 के 23, कक्षा-6 के 21 और कक्षा-8 के 21 विद्यार्थी शामिल हुए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करना तथा उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना रहा।
नियति, आयुष और शौर्य ने लहराया परचम
कक्षा-3: करमा के प्राथमिक विद्यालय गड़ईगाड़ की नियति मौर्या ने 40 में 38 अंक हासिल कर 95 प्रतिशत के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। रॉबर्ट्सगंज के दिव्यांशु गोस्वामी दूसरे रहे। परी, आकांक्षा गुप्ता और सुषमा ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
कक्षा-5: करमा के प्राथमिक विद्यालय सहदैया बैड़ाड़ के आयुष कुमार 34 अंकों के साथ प्रथम रहे। चोपन की सीमा कुमारी दूसरे तथा अनुज सिंह और अंश कुमार संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
कक्षा-6: करमा की गरिमा सिंह और म्योरपुर की भागीरथी ने 37-37 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। बभनी के आयुष दूसरे, जबकि आयुष मौर्य और नंदनी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
कक्षा-8: रॉबर्ट्सगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय अखाड़ा मोहल्ला के शौर्य ने 50 में 42 अंक यानी 84 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। करमा के आर्यन मौर्य दूसरे तथा आदित्य कुमार और अंकित राज संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
करमा ने मारी बाजी
विकासखंडवार समेकित परिणाम में करमा 76.9 प्रतिशत के साथ प्रथम, रॉबर्ट्सगंज 68.6 प्रतिशत के साथ द्वितीय और म्योरपुर 67.2 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान पर रहा। जिले का समग्र प्रदर्शन 63 प्रतिशत रहा।
निष्पक्ष परीक्षा में डायट टीम की अहम भूमिका
परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में डीएलएड द्वितीय वर्ष के चार प्रशिक्षुओं ने पर्यवेक्षक एवं जांचकर्ता के रूप में भूमिका निभाई। प्रश्नपत्र डायट के विषय विशेषज्ञों डॉ. अरमा, हीरालाल, सुनील, मनोज कुमार, डॉ. रिचा ओझा और राजकुमार ने तैयार किए।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रवीन्द्र चौधरी ने परीक्षा आयोजन की सराहना करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की।
उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य रिद्धि पाण्डेय एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी परीक्षाएं प्रतिभा पहचानने के साथ बच्चों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिभा को निरंतर निखारने और अन्य बच्चों को भी नियमित अध्ययन व प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

Post a Comment