Top News

ओबरा बाँध का जलस्तर बढ़ा तो खुल सकते हैं गेट, नदी किनारे बसे गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद 

सोनभद्र पुलिस ने जारी की अति महत्वपूर्ण चेतावनी, चंचलिया पनारी से गोठानी तक ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील


सोनभद्र/ओबरा।
भारी वर्षा के बीच ओबरा बाँध के बढ़ते जलस्तर एवं संभावित बाढ़ के मद्देनजर सोनभद्र पुलिस ने आमजन के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यकता पड़ने पर ओबरा बाँध के गेट खोले जा सकते हैं। गेट खोले जाने की स्थिति में बाँध से निकलने वाला पानी रेणु नदी के माध्यम से करीब 11 किलोमीटर की दूरी तय कर सोन नदी में प्रवाहित होगा, जिससे नदी का जलस्तर बढ़ सकता है।

ओबरा बाँध का पूर्ण जलस्तर (FRL) 193.24 मीटर तथा जलाशय की पूर्ण क्षमता 211.00 घन मीटर बताई गई है। जलस्तर में लगातार वृद्धि होने की स्थिति में नदी किनारे बसे निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

इन गांवों और टोलों पर विशेष निगरानी

जलस्तर बढ़ने की स्थिति में चंचलिया पनारी के गुडूर टोला एवं चकाड़ी टोला, खेवंधा, बिल्ली मारकुंडी के खैरटिया, बर्दीया, महलपुर, गोठानी और सिंदुरिया समेत नदी किनारे स्थित अन्य आबादी प्रभावित हो सकती है।

इसके अलावा थाना जुगैल, थाना ओबरा एवं थाना चोपन क्षेत्र के अंतर्गत सोन नदी के किनारे बसे इलाकों में भी जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

प्रशासन की अपील—नदी और घाटों से रहें दूर

सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नदी एवं जलाशय का जलस्तर बढ़ने के दौरान नदी किनारे, घाटों तथा निचले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से नदी एवं जलाशय के आसपास जाने से रोकने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने कहा है कि प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी सायरन, लाउडस्पीकर, सूचना अथवा किसी भी चेतावनी को गंभीरता से लिया जाए और आवश्यकता पड़ने पर बिना देरी किए सुरक्षित स्थान की ओर चले जाएं।

साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है। आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, चौकी अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया है।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने कहा कि जनपद पुलिस आमजन की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षित रहने की अपील की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume