सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राबिया मुस्कान
‘हरित सोनभद्र, सुरक्षित सोनभद्र’ के संकल्प के साथ युवाओं ने किया पौधरोपण
सोनभद्र। भारतीय युवा कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर युवा कांग्रेस सोनभद्र द्वारा रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सोनभद्र की वन संपदा को बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा, जिला महासचिव मृदुल मिश्रा, शहर अध्यक्ष अनुपम द्विवेदी, जिला महासचिव रोहिल मिश्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र देव, प्रांजल श्रीवास्तव, सौरभ राजवेद सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं को आगे आना होगा : शशांक मिश्रा
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने कहा कि सोनभद्र की पहचान उसके विशाल वन क्षेत्रों, पहाड़ों और प्राकृतिक संपदा से है। लगातार बढ़ता पर्यावरणीय संकट हम सभी के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में युवाओं को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी आगे बढ़कर उठानी होगी।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी हमारी जिम्मेदारी है। भारतीय युवा कांग्रेस के स्थापना दिवस पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवा कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस सोनभद्र आने वाले समय में भी पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार अभियान चलाएगी।
एक ओर ‘एक पेड़ मां के नाम’, दूसरी ओर वन संसाधनों का दोहन : मृदुल मिश्रा
युवा कांग्रेस जिला महासचिव मृदुल मिश्रा ने कहा कि एक ओर सरकार ‘एक पेड़ मां के नाम’ का नारा देकर देशवासियों को पौधे लगाने का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर देश के वन एवं प्राकृतिक संसाधनों को बड़े कॉरपोरेट घरानों को सौंपकर प्रकृति के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सोनभद्र जैसे वन एवं खनिज संपदा से समृद्ध जिले में विकास के नाम पर जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। विकास ऐसा होना चाहिए जिसमें पर्यावरण, जंगल, जलस्रोत, वन्यजीव और स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो।
मृदुल मिश्रा ने कहा कि केवल पौधे लगाने से पर्यावरण नहीं बचाया जा सकता। जंगलों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन पर रोक लगाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस सोनभद्र पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और युवाओं को इस अभियान से जोड़कर इसे जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने तथा प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनुपम द्विवेदी, रोहिल मिश्रा, जितेंद्र देव, प्रांजल श्रीवास्तव, सौरभ राजवेद सहित दर्जनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment