सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
मिठाइयों की दुकानों पर ताबड़तोड़ जांच, खोवा-पनीर समेत चार नमूने सील; जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
सोनभद्र। रक्षाबंधन पर्व पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने मंगलवार को अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खोवा, गुलाब जामुन, पनीर और चन्द्रकला मिठाई के चार नमूने संग्रहित किए।
खाद्य विभाग की टीम ने खलियारी रोड पटवध स्थित प्रतिष्ठान से खोवा व गुलाब जामुन तथा चोपन बाजार स्थित कन्हैया स्वीट्स से पनीर व चन्द्रकला मिठाई के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया गया है। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट के खिलाफ जागरूकता भी, कारोबारियों को किया सचेत
कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को भी मिलावटी खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए सावधानी बरतने की अपील की।
ओबरा में कारोबारियों को मिला बड़ा फायदा, 40 पंजीकरण आवेदन
उधर, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने व्यापार मंडल के सहयोग से ओबरा बाजार में खाद्य पंजीकरण कैंप लगाया। कैंप में 40 खाद्य कारोबारियों के पंजीकरण आवेदन कराए गए। इस दौरान सुशील कुशवाहा, गौरव जैन, धर्मराज सिंह, शुभम त्रिपाठी और मनोज कुमार समेत कई खाद्य कारोबारकर्ता मौजूद रहे।
रक्षाबंधन तक चलने वाले विशेष अभियान ने साफ कर दिया है—पर्व की मिठास में मिलावट घोलने वालों पर खाद्य विभाग की पैनी नजर है।

Post a Comment