सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
सीआईएसएफ ने निकाली भव्य बाइक रैली, हाथों में तिरंगा लेकर जवानों ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश
ओबरा/सोनभद्र। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई ओटीएचपीपी ओबरा की ओर से रविवार को भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व कमांडेंट श्री सतीश कुमार सिंह ने किया। तिरंगा हाथ में लेकर निकले सीआईएसएफ जवानों के जोश और देशभक्ति से पूरा ओबरा क्षेत्र भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।
मोटरसाइकिल रैली इकाई के पारिवारिक आवासीय परिसर से प्रारंभ होकर सीटीपीएस गेट, गांधी मैदान, हनुमान मंदिर तिराहा, सुदामा पाठक चौराहा होते हुए शारदा मंदिर पहुंची। इसके बाद रैली वीआईपी रोड से होते हुए परियोजना अस्पताल ओबरा पहुंची और पुनः पारिवारिक आवासीय परिसर में इसका समापन हुआ।
रैली के दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और स्वाभिमान के साथ देश के वीर सपूतों को नमन किया। जवानों द्वारा लगाए गए ‘भारत माता की जय’ और राष्ट्रभक्ति के नारों से ओबरा का माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर उप कमांडेंट अग्नि सादा राम यादव, सहायक कमांडेंट आनंद कुमार नारा, सहायक कमांडेंट जी. टोप्पो, निरीक्षक/कार्य महेश सिंह यादव, निरीक्षक/अग्नि राकेश कुमार, निरीक्षक/लिपिक शैलेश कुमार सिंह सहित इकाई के अन्य बल सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली के दौरान स्थानीय जनमानस ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लोगों ने तिरंगे का सम्मान करते हुए जवानों का उत्साह बढ़ाया। सीआईएसएफ की इस भव्य बाइक रैली के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान-2026 के प्रति लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।


Post a Comment