Top News

अधिग्रहित भूमि पर अवैध निर्माण का प्रयास विफल, एनसीएल सुरक्षा विभाग की सूचना पर पुलिस ने रुकवाया कार्य

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल 


अनपरा, सोनभद्र।
एनसीएल ककरी परियोजना की अधिग्रहित भूमि पर कथित रूप से कराए जा रहे अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात सूचना मिलने पर एनसीएल के सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया। इस दौरान निर्माण करा रहे लोगों और सुरक्षा कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस को बुलाया गया, जिसके बाद निर्माण कार्य बंद करा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, एनसीएल ककरी परियोजना प्रबंधन ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि ग्राम परासी स्थित गाटा संख्या 485, 486 एवं 487, जो रेनूसागर कोल गेट क्षेत्र में स्थित एनसीएल की अधिग्रहित भूमि है, वहां 18 जुलाई की रात करीब तीन दर्जन लोगों द्वारा बिना अनुमति निर्माण कराया जा रहा था।

सूचना पर सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया, लेकिन निर्माण करा रहे लोगों ने विरोध करते हुए सुरक्षा कर्मियों से बहस शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य तत्काल बंद करा दिया गया।

थानाध्यक्ष पुण्य प्रसन्न श्रीवास्तव ने बताया कि एनसीएल अधिकारियों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से भूमि के स्वामित्व एवं अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एनसीएल प्रबंधन का कहना है कि अधिग्रहित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रबंधन ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर कब्जाधारकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इसी भूमि से जुड़े विवाद में 24 मई 2024 को भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में अधिग्रहित भूमि की सुरक्षा और अवैध अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन पूरे प्रकरण की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume