Top News

महुआवारी बचाओ अभियान को मिला जनसमर्थन, सैकड़ों ग्रामीणों ने भरी हुंकार

 सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद 

सम्मानजनक पुनर्वास नहीं मिला तो होगा जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव, नेताओं ने प्रशासन को दी चेतावनी



सोनभद्र।
महुआवारी में प्रस्तावित विस्थापन के विरोध और प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास की मांग को लेकर चल रहे "महुआवारी बचाओ अभियान" के तहत रविवार को समृद्धी जन कल्याण संस्थान के नेतृत्व में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सभा में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर एकजुटता का परिचय दिया और अपने अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

जनसभा को संबोधित करते हुए किसान नवजवान संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप मिश्रा ने कहा कि यदि प्रभावित परिवारों को पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) नीति के तहत उनका वैधानिक अधिकार और सम्मानजनक पुनर्वास नहीं दिया गया, तो जल्द ही जिलाधिकारी कार्यालय का व्यापक घेराव किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनके अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाएगी।

समाजसेवी विजय प्रताप सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को प्रशासन और शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा तथा न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर किसी भी परिवार के भविष्य से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

वहीं डिजिटल क्रिएटर बृजेश कुमार ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एकजुट रहने का आह्वान किया और कहा कि जनशक्ति के बल पर ही अधिकारों की लड़ाई जीती जा सकती है।

सभा के दौरान ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि प्रस्तावित पुनर्वास स्थल पर पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर ही सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में समृद्धी जन कल्याण संस्थान की ओर से सिद्धार्थ गुप्ता, जावेद अहमद, महावीर सिंह, अभिनव राजपूत, के.पी. सोनकर, राजू, वाजिद, विजय कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी भाग लेकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume